लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के उपाध्यक्ष सौरभ कुमार ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री सह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान जी से विशेष मुलाकात की।
news24mithila.online प्रधान संपादक डॉ प्रशांत कुमार झा नई दिल्ली
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के बिहार प्रदेश उपाध्यक्ष सौरभ कुमार ने आज नई दिल्ली स्थित मंत्रालय में माननीय केंद्रीय मंत्री एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री चिराग पासवान जी से विशेष मुलाकात की। इस बैठक के दौरान सौरभ कुमार ने मिथिलांचल के सुदूर सीमावर्ती क्षेत्र लौकहा बाजार (LKQ) की रेल समस्याओं और उनके समाधान हेतु एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा। उन्होंने माननीय मंत्री जी का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया कि वर्तमान में यह महत्वपूर्ण क्षेत्र बेहतर रेल सेवाओं के अभाव से जूझ रहा है।
सौरभ कुमार ने प्रमुखता से मांग रखी कि दरभंगा तक चलने वाली गाड़ी संख्या 12565/12566 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का विस्तार लौकहा बाजार तक किया जाए, ताकि सीमावर्ती क्षेत्र के हजारों लोगों को देश की राजधानी दिल्ली तक सीधे आवागमन की ऐतिहासिक सुविधा प्राप्त हो सके। इसके साथ ही उन्होंने पटना और लौकहा बाजार के बीच एक नई इंटरसिटी एक्सप्रेस के परिचालन का भी प्रस्ताव दिया, जो देर शाम पटना से प्रस्थान करे और अगली सुबह वापस लौटे। इस नई ट्रेन का चण्डेश्वरस्थान (CDMA) स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया गया है, जो स्थानीय यात्रियों और गंभीर मरीजों के लिए जीवनदायिनी सिद्ध होगा।
मुलाकात के अंत में सौरभ कुमार ने जोर देकर कहा कि लौकहा बाजार जैसे व्यापारिक और रणनीतिक केंद्र को रेल नेटवर्क से जोड़ना क्षेत्र की आर्थिक प्रगति के लिए अत्यंत आवश्यक है। माननीय मंत्री जी ने इन मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने और इनके शीघ्र क्रियान्वयन हेतु सकारात्मक आश्वासन दिया।


0 टिप्पणियाँ